वीरपुर में 386 किलो गांजा बरामद,तस्कर फरार
सुपौल, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 386 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेंद्र कुमार ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वीरपुर थाना क्षेत्र के खोताहा गांव स्थित एनएच-106 के उत्तर, भारत-नेपाल सीमा के समीप बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई।पुलिस टीम ने खोताहा निवासी प्रदीप मटियेत के पटुआ लगे खेत में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेत से 11 बोरों में रखा कुल 386 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर विधिवत जब्ती सूची तैयार कर मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि छापेमारी की भनक लगने से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए स्थानीय स्तर पर जांच के साथ-साथ तकनीकी अनुसंधान का भी सहारा लिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।इस कार्रवाई में वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास, पुलिस अवर निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेमचंद पासवान, गृह रक्षक अर्जुन कुमार, महानंद पासवान सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी से सीमा पार संचालित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

