home page

नाबालिग को ब्लैकमेल कर पैतृक मकान से कराई 54 लाख की चोरी,चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
नाबालिग को ब्लैकमेल कर पैतृक मकान से कराई 54 लाख की चोरी,चार आरोपित गिरफ्तार


सागर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र में नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उसके ही पैतृक मकान से लाखों रुपये की नगदी और सोने के जेवरात चोरी कराने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित आयुष मैना और उसके मामा अंकुश बाल्मीक समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी परिवार नए मकान में रहने लगा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नगदी, जेवरात और अन्य सामान रखा हुआ था। 17 जून 2026 को परिजनों ने पुराने मकान की जांच की तो वहां से करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोले सोने के आभूषण गायब मिले। शिकायत मिलने पर बीना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

धमकी देकर नाबालिग से कराई चोरी

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसमें सामने आया कि बीना निवासी आयुष मैना नाबालिग को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके ही घर से नगदी और सोने के आभूषण चोरी करने के लिए मजबूर किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग से चोरी कराए गए करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोले सोने के जेवरात आयुष ने अपने कब्जे में ले लिए थे। चोरी की रकम से आरोपित ने महंगे सामान और वाहनों की खरीदारी की।

कार, बुलेट और महंगे सामान बरामद

पुलिस ने आयुष की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई हुंडई वरना कार, मारुति अर्टिगा कार और रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद की है।

इसके अलावा आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, वीवो मोबाइल फोन, हायर कंपनी का वातानुकूलित यंत्र, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स और स्टेबलाइजर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस ने दो बड़े चाकू, लकड़ी का पलंग, लोहे का गेट और अन्य घरेलू सामान भी बरामद किया है। अन्य सामान की कीमत करीब 16.37 लाख रुपये बताई गई है।

मामा के पास छिपाया था 250 ग्राम सोना

पुलिस के अनुसार, आयुष ने चोरी किए गए सोने के जेवरात अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना के पास छिपा दिए थे। पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब 38 से 40 लाख रुपये आंकी गई है।

बरामद आभूषणों में सोने के हार, चेन, ब्रेसलेट, कड़े, मंगलसूत्र, पेंडल और सोने की गिन्नी शामिल हैं।

दो आरोपित रिमांड पर, दो जेल भेजे

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित आयुष मैना और अंकुश बाल्मीक को रिमांड पर लिया है। वहीं उनके सहयोगी सतीश अहिरवार निवासी बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आरोपितों से पूछताछ कर चोरी और बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक अनूप यादव, उपनिरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, आरक्षक संदीप यादव, दीप सिंह भदोरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे