home page

सागर: बीना में 63 लीटर अवैध मदिरा, बाइक व मोबाइल जब्त, दो आरोपी जेल भेजे गए

 | 
सागर: बीना में 63 लीटर अवैध मदिरा, बाइक व मोबाइल जब्त, दो आरोपी जेल भेजे गए


सागर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में थाना बीना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 63 बल्क लीटर देशी मदिरा (अनुमानित कीमत ₹35,000), एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त कर दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बीना थाना पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बीती रात खिमलासा की ओर से लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा लेकर बीना क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। पुलिस ने संदिग्ध मार्ग पर पैनी निगरानी रखते हुए रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी की। जैसे ही मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल रेलवे पुलिया पार कर पहुँची, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया और सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान समंदर बागड़ी (उम्र 29 वर्ष), पिता जगदीश बागड़ी, निवासी खिरिया, थाना कुरवाई, जिला विदिशा और प्रदीप चौहान (उम्र 59 वर्ष), पिता शिवदत्त चौहान, निवासी धीमर मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 12, कुरवाई, जिला विदिशा के रूप में हुई।

जब पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखे बैग और थैलों की तलाशी ली, तो उनमें भारी मात्रा में देशी मदिरा की बोतलें पाई गईं। शराब परिवहन के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज माँगे गए, जिन्हें प्रस्तुत करने में वे पूरी तरह विफल रहे। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार जब्ती बनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपियों ने बताया कि वे कुरवाई निवासी सुनील राय के यहाँ मजदूरी का काम करते हैं और उसी के निर्देश पर खिमलासा स्थित शराब दुकान से 7 पेटी शराब लेने गए थे। आरोपियों के अनुसार, खिमलासा शराब दुकान के गद्दीदार हरगोविन्द राय द्वारा उन्हें 7 पेटी शराब दी गई थी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से शराब को पेटियों से निकालकर बैग और थैलों में छिपाया गया था, जिसे बीना निवासी रितिक खटीक तक पहुँचाया जाना था। पुलिस अब इस मामले में संलिप्त अन्य सभी व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जाँच कर रही है। न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी व विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे