सागर: पारिवारिक विवाद में देवरानी पर जेठानी और 13 साल की मासूम भतीजी को तेल डालकर जिंदा जलाने का आरोप
सागर, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गोदना में पिछले दिन घरेलू विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक महिला द्वारा अपनी ही जेठानी और 13 साल की मासूम भतीजी पर तेल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस भीषण हादसे में मां और बेटी दोनों गंभीर रूप से झुलस गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता गिरजा बाई ठाकुर (उम्र 35 वर्ष) अपने पति रामराज ठाकुर और 13 वर्षीया पुत्री आयुषी ठाकुर के साथ रहती हैं। आरोप है कि गिरजा बाई के देवर आकाश की पत्नी (देवरानी) काजल गोस्वामी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि परिवार में काफी समय से आपसी कलह चल रही थी। घरेलू विवाद के अलावा दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर भी तनातनी बनी हुई थी। सोमवार की देर शाम यही रंजिश इतनी बढ़ गई कि मामला बेकाबू हो गया।
आरोप के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी महिला काजल ने कमरे में मौजूद अपनी जेठानी गिरजा बाई और मासूम भतीजी आयुषी के ऊपर कथित तौर पर तेल उड़ेल दिया और आग लगा दी। हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई, आग लगाने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया ताकि वे बाहर न निकल सकें। आग की लपटों से घिरी मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह आग पर काबू पाया।
घटना के तुरंत बाद झुलसी मां-बेटी को उपचार के लिए बीना के सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
बीना थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव के अनुसार:मां-बेटी को जलाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को जांच के लिए सक्रिय कर दिया गया है। मासूम बच्ची के आधिकारिक बयान (कथन) दर्ज करने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम भोपाल के हमीदिया अस्पताल रवाना की गई है। पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ज़मीन के टुकड़े और घरेलू मनमुटाव के कारण पैदा हुई इस रंजिश ने आज दो लोगों को जिंदगी और मौत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। इस वारदात के बाद से गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

