सिरसा: अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 05 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने अंतराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा दस मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी जोगिंदर व आमिर खान तथा सिरसा जिला निवासी गोविंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने सिरसा निवासी मनदीप कुमार की शिकायत पर बाइक चोरी का मामला दर्ज किया। मनदीप ने बताया कि वह सिरसा के संजीवनी अस्पताल में गया था। यहां से उसका मोटरसाइकिल चोरी हो गया। जांच एबीवीटी स्टाफ को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जोगिंदर, आमिर खान व गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने सिरसा, रानियां व राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से बाइक चोरी की अनेक वारदातें करनी कबूल की हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा दस मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं।
आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा पुलिस ने वाहन चोरी की तीन वारदातों को सुलझाते हुए दो वांछित आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी चमकौर सिंह व गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। डबवाली शहर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि सन्नी कुमार की शिकायत पर स्कूटी चोरी, गुरसेवक सिंह व हैप्पी सिंह की शिकायत पर मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने घटना स्थलों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की सहायता से महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर दोनों आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ही इन तीनों वारदातों को अंजाम दिया गया था। चोरीशुदा स्कूटी व दोनों मोटरसाइकिल आरोपियों के कब्जे से पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

