home page

सागर : महाराजपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर को दबोचा, 5 मोटरसाइकिलें बरामद

 | 
सागर : महाराजपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर को दबोचा, 5 मोटरसाइकिलें बरामद


सागर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महाराजपुर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

महाराजपुर थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से महाराजपुर और आस-पास के थाना क्षेत्रों में दुपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में वाहन चोरी की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में एक संदिग्ध घूम रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने महाराजपुर और जिले के अन्य स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 35(1)-E एवं 303(4) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे