जांजगीर-चांपा में 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा,आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर, 13 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने घर के बाहर खड़ी होंडा लिवो मोटरसाइकिल चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर आज खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपित की पहचान विनय कुमार सूर्यवंशी उर्फ छोटू (27 वर्ष) निवासी ग्राम सकरेली, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चौकी नैला पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को वार्ड क्रमांक-05 स्थित वीआईपी कॉलोनी निवासी ब्रजेश कुमार पाण्डेय ने चौकी नैला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी होंडा लिवो मोटरसाइकिल (क्रमांक MH-12-QB-0317) सुबह घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वे बाहर आए तो बाइक गायब थी। अज्ञात चोर द्वारा बाइक चोरी किए जाने पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सकरेली निवासी विनय कुमार सूर्यवंशी, जो जांजगीर स्थित माधव लॉज में मजदूरी करता है, चोरी की बाइक अपने कब्जे में रखे हुए है। सूचना मिलते ही चौकी नैला पुलिस की टीम ने ग्राम सकरेली में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उसने बाइक को जांजगीर स्थित दादी सती अस्पताल के पास खड़ा कर दिया था और उसकी चाबी अपने पास रखकर गांव लौट गया था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने दादी सती अस्पताल के पास से चोरी गई होंडा लिवो मोटरसाइकिल बरामद कर ली। साथ ही घटना के दौरान आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई साइकिल भी जब्त कर ली गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, एएसआई शेख सफी उल्लाह खान, प्रधान आरक्षक जगदीश अजय तथा आरक्षक संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू, संदीप मरावी और अश्वनी मार्बल की सराहनीय भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के जरिए चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

