बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी के पांच बाइक समेत पांच गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण,27 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस द्धारा बाइक चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जिले के पीपरा व फेनहारा थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने पीपरा थाना में एक व फेनहारा थाना क्षेत्र में चार बाइक चोर के साथ ही चोरी की पांच बाइकें भी बरामद की हैं।
जिला पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पीपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में एक बाइक चोर गिरोह सक्रिय है और चोरी की गाड़ियां बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची और संदिग्धों से संपर्क किया, जिन्होंने बाइक होने की बात स्वीकार की, लेकिन एक दुसरे युवक के आने के बाद ही बाइक दिखाने को कहा।
जैसे ही आरोपी युवक मौके पर पहुंचा और बाइक दिखाने लगा, पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुरापुर निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में अजीत ने कई खुलासे किए, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी की बाइक बरामद की। पिपरा थाना क्षेत्र से कुल दो चोरी की बाइकें जब्त की गई हैं। दूसरी ओर,फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में हाई स्कूल चौक पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक चोरी की अपाची बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया।
इन युवकों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने शिवहर जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र व मधुबन थाना क्षेत्र में छापेमारी की। वहां से दो और चोरी की बाइकें बरामद की गईं। इस कार्रवाई में प्रिंस यादव, सुमित मिश्रा, शिवम कुमार और रत्नेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

