शाहदरा फ्लाईओवर पर बाइक फिसली, महिला की माैत
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। शाहदरा जिले के गीता काॅलाेनी फ्लाईओवर पर सोमवार दाेपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक टैक्सी पर सवार 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मृतका की पहचान नीलम के रूप में हुई है, जो करावल नगर इलाके की रहने वाली थीं। वह झिलमिल स्थित अपने कार्यस्थल पर जाने के लिए बाइक टैक्सी से सफर कर रही थीं।
पुलिस के अनुसार, शाहदरा फ्लाईओवर पर चलते समय अचानक बाइक फिसल गई, जिससे नीलम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलने पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी जीटीबी अस्पताल से मिली, जहां घायल महिला को भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान पता चला कि नीलम ने अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए बाइक टैक्सी बुक की थी। पुलिस ने बताया कि बाइक चालक की पहचान धर्मवीर के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह जांच की जा रही है कि बाइक तेज रफ्तार में थी या सड़क पर किसी अन्य वजह से उसका संतुलन बिगड़ा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

