बाइक सवार युवकों पर हमला, विरोध करने पर मारी गोली
हमीरपुर, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों पर अज्ञात हमलावर ने लाठी से हमला कर दिया। विरोध करने पर हमलावर ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
घटना बंडवा-भैंसाय मार्ग की है। भैंसाय गांव निवासी सत्येंद्र, संतराम और उनका एक अन्य पारिवारिक सदस्य मुस्करा से बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी चलती बाइक पर लाठी से हमला कर दिया। हमले के बाद बाइक रुकने पर सत्येंद्र ने विरोध किया, जिस पर हमलावर ने तमंचे से गोली चला दी। गोली सत्येंद्र के गले के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बाइक चला रहे संतराम ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायल सत्येंद्र को मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने में जुटी है। सीओ सर्किल राजीव प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि घायल सत्येंद्र की हालत फिलहाल सामान्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

