home page

सरगुजा : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 | 
सरगुजा : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत


अंबिकापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलका (मुड़पारा) निवासी 28 वर्षीय पवन कुमार पंडो सोमवार को अपने रिश्तेदार के घर शोक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बगदेवा गए थे। कार्यक्रम के बाद वह बाइक से अपने ससुराल जा रहे थे।

रात करीब 9 बजे, जब पवन अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम कटिंदा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पवन सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह