सिरसा: सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
सिरसा, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव नाथूसरी कलां के निकट सिरसा-भादरा रोड पर एक वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को चोपटा के पीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अग्रोहा मेडिकल कालेज में युवक की रविवार रात मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गांव चाडीवाल निवासी रवि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवि अविवाहित था और दो भाई थे। रवि मजदूरी का कार्य करता था। उसके पिता की पहले मौत हो चुकी है। रवि की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। नाथुसरी चौपटा थाना प्रभारी ने साेमवार काे बताया कि मृतक के चाचा सज्जन सिंह की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

