home page

मंदिर के बाहर खड़े युवक पर बाइक सवारों ने चलाई गोली

 | 
मंदिर के बाहर खड़े युवक पर बाइक सवारों ने चलाई गोली


बिजनौर, 24 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के दारा नगर गंज इलाके में मंगलवार दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने मंदिर के बाहर खड़े एक युवक पर गोली चला दी। गोली युवक को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि गंज निवासी नरदेव का 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक मंगलवार दोपहर काे जाटव मंदिर के बाहर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और हालचाल पूछने के बहाने अभिषेक से बातचीत करने लगे। इस दौरान इन्हीं हमलावरों में से किसी ने उस पर गोली चला दी। गोली अभिषेक को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। अभिषेक ने भी किसी तरह के आपसी विवाद की जानकारी नहीं दी है।

सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र