बैंक से 1.35 लाख रुपये निकाल घर लौट रहे युवक से झोला छीना
दरभंगा, 07 नवंबर (हि.स.)। । जिले के बिरौल-बेनीपुर मुख्य सड़क एसएच-56 पर शनिवार की शाम करीब पांच बजे सिसौनी मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर एक युवक का झोला छीन लिया और फरार हो गए। झोले में 1 लाख 35 हजार रुपये नकद, बैंक के कागजात और पासबुक रखे थे।
पीड़ित जगदीशपुर निवासी बैजनाथ मंडल ने बताया कि उन्होंने दिन में करीब दो बजे सुपौल बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 1 लाख 35 हजार रुपये की निकासी की थी। बाजार का काम निपटाने के बाद शाम में टेंपो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने सिसौनी मोड़ के पास उनके हाथ से झोला झपट लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

