ज्वेलरी व्यवसायी पर लूट के लिए बाइक सवार बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जामडोली थाना क्षेत्र के भरत विहार में बुधवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने दो ज्वेलरी व्यवसायियों को बंदूक के दम पर रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की और हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। इस वारदात में सोनू के सिर और निशू के हाथ में चोट आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
थानाधिकारी रत्न सिंह ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने भरत विहार निवासी ज्वेलरी व्यवसायी सोनू और निशू को रोका। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और हवाई फायर कर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। आरोपितों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

