home page

बीकानेर रेंज में तीन साल में नशे के 4,528 मामले दर्ज, 6,134 आरोपी गिरफ्तार, 40.52 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

 | 
बीकानेर रेंज में तीन साल में नशे के 4,528 मामले दर्ज, 6,134 आरोपी गिरफ्तार, 40.52 करोड़ की संपत्ति फ्रीज


बीकानेर, 01 नवंबर (हि.स.)। नशा तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क के खिलाफ बीकानेर रेंज पुलिस ने पिछले तीन साल में व्यापक कार्रवाई की है। 31 अक्टूबर 2026 तक मादक पदार्थों की तस्करी के 4 हजार 528 मामले दर्ज कर 6 हजार 134 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अवैध हथियारों के 1 हजार 365 मामलों में 1 हजार 465 आरोपी पकड़े गए हैं। पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत 40 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में मादक पदार्थों की तस्करी के 1 हजार 402 मामले दर्ज कर 1 हजार 871 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 23 हजार 680 किलो डोडा पोस्त, 200 किलो अफीम, 11.253 किलो हेरोइन, 308 किलो गांजा और 1.173 किलो एमडी बरामद की गई। वर्ष 2025 में 1 हजार 545 मामलों में 2 हजार 185 आरोपी गिरफ्तार हुए। इस दौरान 20 हजार 145 किलो डोडा पोस्त, 207 किलो अफीम, 20 किलो हेरोइन, 390 किलो गांजा और 15.398 किलो एमडी जब्त की गई। वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक 1 हजार 581 मामले दर्ज कर 2 हजार 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 9 हजार 619 किलो डोडा पोस्त, 166 किलो अफीम, 124 किलो हेरोइन, 238 किलो गांजा और 2.525 किलो एमडी बरामद की गई।

अवैध हथियारों के खिलाफ वर्ष 2024 में 572 मामले दर्ज कर 595 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 448 हथियार और 1 हजार 234 कारतूस जब्त किए गए। वर्ष 2025 में 419 मामलों में 455 आरोपी पकड़े गए। इस दौरान 417 हथियार और 1 हजार 227 कारतूस बरामद हुए। वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक 374 मामलों में 415 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 386 हथियार, 3 हजार 751 कारतूस और 105 मैगजीन जब्त की गईं।

सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। वर्ष 2024 में 24 मामलों में 68, वर्ष 2025 में 13 मामलों में 21 और वर्ष 2026 में 30 मामलों में 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तीन साल में कुल 67 मामलों में 161 आरोपी पकड़े गए। इन कार्रवाइयों में 178.924 किलो हेरोइन, 26 विदेशी पिस्टल, 44 मैगजीन, 760 कारतूस और नौ ड्रोन के साथ वाहन एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए।

पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई की। वर्ष 2024 में पांच कार्रवाइयों में 8.91 करोड़ रुपये, वर्ष 2025 में छह कार्रवाइयों में 7.39 करोड़ रुपये और वर्ष 2026 में 32 कार्रवाइयों में 24.22 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इस तरह तीन साल में 43 कार्रवाइयों के तहत कुल 40.52 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसके अलावा वर्ष 2025 में 55 कार्रवाइयों में 1.29 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2026 में 33 कार्रवाइयों में 86.80 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई।

नशे के कारोबार में लगातार लिप्त रहने वाले अपराधियों के खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 में 23, वर्ष 2025 में 18 और वर्ष 2026 में 33 कार्रवाई की गईं। इस तरह तीन साल में कुल 74 कार्रवाई की गईं।

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश ने कहा कि संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए धरपकड़ के साथ अपराध से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव