बीकानेर कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने की सघन जांच
बीकानेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर में एक बार फिर अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर खाली कराकर पुलिस और प्रशासन ने मौके पर घेराबंदी करते हुए सघन जांच अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर रविवार रात करीब 9:40 बजे धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें सोमवार दोपहर 1:15 बजे अदालत परिसर में साइनाइड गैस से भरे 14 आईईडी बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं ने आपसी सोशल मीडिया समूहों में सतर्कता बरतने और कोर्ट न आने का आग्रह किया।
सूचना मिलते ही सोमवार सुबह सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ईमेल में कथित तौर पर कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए पुलिसकर्मियों और राजनीतिक हस्तियों पर आरोप लगाए गए हैं, साथ ही कुछ व्यक्तियों को रिहा करने की मांग भी की गई है। पुलिस फिलहाल ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसकी सत्यता की जांच में जुटी है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले मिली धमकियों के आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है और इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक माह में बीकानेर में कोर्ट और मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकियों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

