अपडेट: अनूपपुर: बिजुरी पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या और लूट की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल खड़े हो गए थे, लेकिन बिजुरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का पर्दाफाश हो गया।
बिजुरी थाना प्रभारी विकाश सिंह ने बताया कि बुधवार रात एक नाबालिग बालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी महिला मित्र सुमन (परिवर्तित नाम, उम्र 20 वर्ष) के साथ कोरजा कालरी बाउंड्री के पास रेलवे लाइन रोड स्थित एक सुनसान बरगद के पेड़ के नीचे बैठा था। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए युवती के साथ अश्लील हरकत एवं जबरदस्ती करने लगे।
जब नाबालिग साथी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश युवती को घसीटते हुए पास की नाली के समीप ले गए और उसे अर्धनग्न कर दिया। घायल होने के बावजूद नाबालिग ने आरोपियों से संघर्ष किया और हाथापाई के दौरान एक आरोपी के सीने पर दांत से काट लिया। शोर मचने पर दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय वे नाबालिग का मोबाइल फोन, स्कूटी की चाबी तथा मृतिका का लोवर भी लूटकर ले गए।
गंभीर हालत में युवती को बिजुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रारंभ में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296(बी), 115(2), 74, 75(2), 76, 309(6) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं युवती की मौत के बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ते हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस ने तकनीकी और मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए घटना के मात्र 6 घंटे के भीतर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय गोलू कुशवाहा पुत्र शंकर कुशवाहा निवासी ग्राम कोरेया, हाल छाता मोहल्ला बिजुरी तथा 36 वर्षीय अख्तर अली कुरैशी पुत्र हिफाजत अली कुरैशी निवासी बिजुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और मृतिका का लोवर बरामद कर लिया है। साथ ही घटनास्थल से महत्वपूर्ण जैविक साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुोत किया गया जहां पूछतांछ के लिए पुलिस अभिरक्षा लिया गया हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

