बक्सर में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, चार पर प्राथमिकी दर्ज
बक्सर, 28 जुलाई (हि.स.)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुकुढा गांव में बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इटाढ़ी पावर हाउस के कनीय विद्युत अभियंता श्रीराम कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान चार लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा।
विभाग की ओर से कुमारी चांदनी पटेल, मोहम्मद अकबर, रमेश महतो एवं असजद अंसारी के विरुद्ध बिजली चोरी अधिनियम के तहत जुर्माना लगाते हुए इटाढ़ी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व की भारी क्षति होती है और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए लगातार विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने तथा बिजली चोरी से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

