home page

सात फेरों के वचन तार-तार: शादी के 28 साल बाद शिक्षक ने रचाई दूसरी शादी,पहली पत्नी का पैर तोड़कर घर से निकाला

 | 
सात फेरों के वचन तार-तार: शादी के 28 साल बाद शिक्षक ने रचाई दूसरी शादी,पहली पत्नी का पैर तोड़कर घर से निकाला


मुजफ्फरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)।

मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी शिक्षक पर शादी के 28 साल बाद सात फेरों के वचन और पवित्र कसमों को तोड़कर दूसरी शादी रचाने का गंभीर आरोप लगा है।

इतना ही नहीं, जब पहली पत्नी ने पति की इस करतूत का विरोध किया, तो शिक्षक ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान महिला का पैर टूट गया, जिसके बाद आरोपी पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस खौफनाक घटना के बाद लहूलुहान पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के बड़ी कोठिया गांव का है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पीड़िता महिला, जिसकी पहचान सुमन के रूप में हुई है, ने मुसहरी थाने में लिखित आवेदन देकर अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट कर पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगाने का संगीन आरोप लगाया है।

थाने में दिए आवेदन और पुलिस के सामने दिए बयान में पीड़िता सुमन ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका विवाह 7 मई 1998 को बैद्यनाथ कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन जल्द ही उनके पति और ससुराल वाले दहेज में कीमती वाहन और अन्य सामानों की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शादी के शुरुआती दिनों से ही उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। सुमन ने बताया कि वह समाज और लोक-लाज के डर से सब कुछ बर्दाश्त करती रहीं कि शायद समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।

इसी बीच पीड़िता को भनक लगी कि उसके पति बैद्यनाथ कुमार यादव ने समाज से छिपाकर गुप्त रूप से दूसरी शादी कर ली है। इतना ही नहीं, आरोपी पति को उस दूसरी पत्नी से एक बेटी भी है। इस बात की पक्की जानकारी मिलने के बाद सुमन के पैरों तले जमीन खिसक गई। बीते दिनों जब सुमन ने हिम्मत जुटाकर अपने पति से इस दूसरी शादी के बारे में पूछताछ की और मामले की सच्चाई जाननी चाही, तो आरोपी पति आगबबूला हो गया।

आरोपी शिक्षक ने आव देखा न ताव, अपनी पहली पत्नी सुमन पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। सुमन ने जब पति के इस हिंसक व्यवहार और दूसरी शादी का कड़ा विरोध किया, तो शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इस बर्बरता के कारण सुमन का एक पैर टूट गया। तड़पती हुई महिला को जान से मारने की भी कोशिश की गई। सुमन की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों के बीच-बचाव और हस्तक्षेप के बाद आरोपी शांत हुआ और महिला की जान बच सकी।

ग्रामीणों की मदद से घायल सुमन को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पीड़िता का कहना है कि उनके सारे सोने-चांदी के गहने, कीमती कपड़े और अन्य जरूरी सामान अभी भी ससुराल में ही छूटे हुए हैं। घर से निकाले जाने के बाद अब आरोपी पति और ससुराल के अन्य सदस्य उन्हें लगातार केस वापस लेने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे वह बेहद डरी हुई हैं।

इस संवेदनशील मामले की जानकारी मिलते ही मुसहरी थाने की पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने पीड़िता का आवेदन महिला थाना में स्वीकार कर लिया है और कांड दर्ज कर अब मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले में महिला थाना प्रभारी का कहना है कि घरेलू हिंसा, दूसरी शादी और दहेज उत्पीड़न के इन आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार