home page

मुजफ्फरपुर में ओवरटेक को लेकर खूनी संघर्ष

 | 
मुजफ्फरपुर में ओवरटेक को लेकर खूनी संघर्ष


मुजफ्फरपुर में ओवरटेक को लेकर खूनी संघर्ष


Muzaffarpur, 23 सितंबर (हि.स.)।

जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के जुरन छपरा इलाके में ओवरटेक करने को लेकर ऑटो चालक और बाइक सवार के बीच हिंसक झड़प हो गई। जुरन छपरा, जिसे डॉक्टरों की मंडी के रूप में भी जाना जाता है, वहां मामूली विवाद ने अचानक एक खूनी खेल का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर पहले जमकर मारपीट हुई और फिर बात इतनी बढ़ गई कि बाइक सवार युवक ने अपनी गाड़ी की चाबी निकालकर ऑटो चालक के सिर में मार दी। चाबी लगने से ऑटो चालक पूरी तरह लहूलुहान हो गया।

घटना के समय मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ट्रैफिक कर्मियों ने तुरंत इसकी विस्तृत सूचना डायल 112 और स्थानीय ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल ऑटो चालक तथा बाइक सवार युवक दोनों को हिरासत में लेकर तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल चली गई।

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण व्यस्त जुरन छपरा मार्ग पर गंभीर ट्रैफिक समस्या उत्पन्न हो गई। सड़क पर मारपीट और हंगामा देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। हंगामे के बीच बाइक सवार युवक लगातार चिल्लाकर अपनी सफाई दे रहा था कि उसके भैया जुरन छपरा डॉक्टरों की मंडी में ही काम करते हैं। ओवरटेक करने के दौरान ऑटो से उसके भैया को चोट लग गई थी, जिसके बाद यह विवाद हुआ। युवक ने भीड़ के सामने कहा कि वह घायल के इलाज का पूरा खर्च उठाने के लिए तैयार है।

हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों को डिटेन कर लिया। इसके साथ ही घटना में शामिल ऑटो और बाइक दोनों को जब्त कर थाने ले आई।

इस संबंध में पूछे जाने पर ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन रंजन ने बताया कि जुरन छपरा में बाइक और ऑटो सवार के बीच झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया है। फिलहाल स्थानीय पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर आगे की उचित आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार