home page

मुजफ्फरपुर के दादर पुल के पास महिला जेई से सोने की चेन छीनी

 | 
मुजफ्फरपुर के दादर पुल के पास महिला जेई से सोने की चेन छीनी


मुजफ्फरपुर, 26 सितंबर (हि.स.)।

जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीन ली और आसानी से फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय पुलिस की गश्ती व सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सोनी कुमारी हाजीपुर नगर परिषद में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह जीरोमाइल से एक ऑटो में सवार होकर आई थीं। अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर पुल के पास पहुंचकर वह ऑटो से उतरीं और पास ही रुककर घोंघा खरीदने लगीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने मौका पाकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार में भाग निकले।

अचानक हुई इस वारदात से महिला हक्की-बक्की रह गईं। जब तक वह शोर मचातीं, तब तक अपराधी ओझल हो चुके थे। छीनी गई सोने की चेन का वजन करीब 8 से 9 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी बाजार में वर्तमान कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला न्याय की गुहार लेकर अहियापुर थाने पहुंचीं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शरत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की दुकानों व मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज धुंधली होने के कारण बदमाशों का हुलिया या बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है, जिससे अपराधियों की पहचान में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

थानेदार शरत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से एनहेंस (साफ) करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय मुखबिरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार