बिहार के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार,5.65 किलाे गांजा जब्त
बांदा, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अपराध पर नियंत्रण और नशा मुक्त अभियान ऑपरेशन ईगल के तहत थाना तिंदवारी पुलिस ने शुक्रवार काे 5 किलो 65 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बिहार के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गांजा सप्लाई करने का आरोपित स्थानीय युवक मौके से फरार हो गया।
उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह ने बताया कि 23 जुलाई की देर शाम थाना तिंदवारी पुलिस ग्राम तेरही माफी रोड पर गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से कुल 5 किलो 65 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिहार राज्य के हरेंद्र और ग्राम महतवनिया निवासी सरिवन उर्फ श्रवण के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आराेपित बांदा निवासी आशीष फरार हो गया।
पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपिताें ने बताया कि उन्होंने बरामद गांजा तिंदवारी निवासी आशीष से खरीदा था और उसे अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। फरार आरोपित आशीष की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह ने बताया कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन ईगल के तहत अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

