चांपा में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के दो आरोपित गिरफ्तार, तीन मोबाइल और नकदी जब्त
जांजगीर-चांपा, 16 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और चांपा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा के संजय नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन नंबरों पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही साइबर थाना और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। गली किनारे बैठे एक संदिग्ध युवक की पहचान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर की गई।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम उत्तम देवांगन (35 वर्ष), निवासी संजय नगर, चांपा बताया। पुलिस द्वारा पूछताछ और मेमोरेंडम लेने पर उसने स्वीकार किया कि वह अपने रिश्तेदार किशन देवांगन (36 वर्ष), निवासी स्टेशन रोड, सक्ती के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा लगवाता था। पुलिस ने संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया, लेकिन आरोपित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिया। जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन की पुष्टि होने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 387/2026 दर्ज कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, विवेक सिंह, माखन लाल साहू, शहबाईं अहमद तथा उप निरीक्षक सत्यम चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

