कोकराझार में जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो अभियानों में आठ गिरफ्तार
कोकराझार (असम), 19 सितम्बर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर जुआ गतिविधियों से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद कोकराझार थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इस मामले में कथित रूप से जुआ गतिविधियों में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।
इसी क्रम में, गुप्त सूचना के आधार पर कोकराझार पुलिस ने बीती देर रात हरिनागुड़ी क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित रूप से जुआ गतिविधियों में संलिप्त पांच व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री के साथ 55,970 रुपये नगद बरामद किए।
इस संबंध में कोकराझार थाने में एक अलग मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
आज इस बात कि जानकारी साझा करते हुए कोकराझार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

