home page

पांवटा साहिब में ट्रक से 2 किलो से ज्यादा भुक्की बरामद, चालक गिरफ्तार

 | 
पांवटा साहिब में ट्रक से 2 किलो से ज्यादा भुक्की बरामद, चालक गिरफ्तार


नाहन, 16 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में एक ट्रक से 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद की है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 15 मई को थाना पांवटा साहिब की टीम बद्रीपुर चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रक नंबर HP17E-7751 में उत्तराखंड की ओर से नए नेशनल हाईवे के रास्ते भारी मात्रा में भुक्की लेकर आ रहा है। सूचना में बताया गया कि यदि ट्रक की तलाशी ली जाए तो उसमें नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक चालक शराफत अली के कब्जे से कुल 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई। आरोपी की पहचान शराफत अली पुत्र नसीरूदीन निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर