भोपाल में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, परिवारिक विवाद के चलते वारदात का आरोप
भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात घर के पास स्थित कलारी के सामने हुई, जहां आरोपी ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
मृतक की पहचान सचिन पंथी (25), निवासी गणेश मंदिर के पास अटल अयूब नगर, थाना गौतम नगर के रूप में हुई है। सचिन चौक बाजार स्थित एक क्रॉकरी दुकान में सेल्समैन का काम करता था। परिवार में उसके पांच भाई और एक बहन हैं। वह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। पुलिस के अनुसार, रविवार रात सचिन घर के पास स्थित कलारी की ओर गया था। इसी दौरान आरोपी राकेश पंथी ने उसे रोक लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पेट, सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे सचिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर गौतम नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला को लेकर विवाद का आरोप
मृतक के भाई छोटू पंथी ने आरोप लगाया कि आरोपी राकेश पंथी रिश्ते में उनकी बुआ का बेटा है और लंबे समय से परिवार के साथ विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उनकी पत्नी के साथ अभद्र टिप्पणियां करता था, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था।
छोटू ने बताया कि करीब 20 साल पहले उनकी दादी ने मोहल्ले का एक मकान बुआ को दिया था। बाद में वह मकान बेच दिया गया था, जिसे करीब दो महीने पहले उनके परिवार ने दोबारा खरीद लिया। इसके बाद से ही आरोपी के साथ विवाद बढ़ने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले नए मकान में गृह प्रवेश के दौरान भी आरोपी ने विवाद किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले कई बार फोन कर धमकियां दी थीं।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
परिजनों का दावा है कि आरोपी राकेश पंथी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही हत्या से पहले हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
दो बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस मामले की जांच पारिवारिक विवाद और कथित महिला संबंधी विवाद, दोनों पहलुओं से कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात पहले से योजनाबद्ध थी या किसी विवाद के दौरान अचानक हुई। गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

