home page

भोपाल में युवक की चाकू मारकर हत्या, शव सड़क किनारे मिला, पुलिस जांच में जुटी

 | 
भोपाल में युवक की चाकू मारकर हत्या, शव सड़क किनारे मिला, पुलिस जांच में जुटी


भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। अज्ञात हमलावरों ने युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसका शव 80 फीट रोड स्थित बेस्ट प्राइस के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।

मृतक की पहचान अरविंद मीणा (19) पुत्र हल्केराम मीणा, निवासी प्रताप नगर, थाना निशातपुरा के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार अरविंद एक गारमेंट्स दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करता था। बुधवार शाम तक वह मोहल्ले में दोस्तों के साथ होली मना रहा था। इसके बाद वह अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। परिवार का कहना है कि आखिरी बार अरविंद को इन्हीं दोनों दोस्तों के साथ देखा गया था। बाद में दोनों युवक अकेले ही मोहल्ले में लौट आए।

देर रात सड़क किनारे मिला शव

देर रात अरविंद का शव बेस्ट प्राइस के पास 80 फीट रोड पर मिला। बताया जा रहा है कि कुछ लोग एक ऑटो से शव को वहां फेंककर फरार हो गए। युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पिता हल्केराम मीणा ने बताया कि बेस्ट प्राइस के पास भीड़ लगी देख वे वहां रुके। पास जाकर देखा तो सड़क पर उनके बेटे का शव पड़ा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार, मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

गिरफ्तारी की मांग

मृतक के परिचितों और मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे