भोपाल में पत्थरों से सिर कुचलकर युवक की हत्या, पीठ-गर्दन पर भी धारदार हथियार से वार
भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी के टिटोडी घाट पर बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 35 वर्षीय युवक की लाश सुबह लगभग 9 बजे घाट के पास मिली। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पीठ और गर्दन पर धारदार हथियार से वार करने के बाद पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही छोला थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में युवक की पीठ और गर्दन पर धारदार हथियार से दो वार किए जाने के निशान मिले हैं। इसके अलावा उसके सिर पर पत्थरों से हमला किए जाने की आशंका है। घटनास्थल पर पुलिस को शव के सिर के पास दो पत्थर पड़े मिले हैं। शरीर पर चोटों की प्रकृति को देखते हुए पुलिस हत्या के मामले के रूप में जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मल्टी में रहने वाले व्यक्ति ने दी पुलिस को सूचना
घटनास्थल के नजदीक स्थित एक आवासीय मल्टी में रहने वाले व्यक्ति ने सबसे पहले युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
हत्या कहीं और कर शव यहां फेंकने की आशंका
छोला थाना एसआई मोहनलाल के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या टिटोडी घाट पर ही की गई या किसी दूसरी जगह वारदात को अंजाम देने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

