home page

भोपाल: हंसी-मजाक को लेकर विवाद के बाद मारपीट, बहन-जीजा को बचाने पहुंचे युवक की मौत, छह पर हत्या का केस

 | 
भोपाल: हंसी-मजाक को लेकर विवाद के बाद मारपीट, बहन-जीजा को बचाने पहुंचे युवक की मौत, छह पर हत्या का केस


भोपाल, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के अन्ना नगर में शुक्रवार रात हंसी-मजाक को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हाे गया। यहां पड़ोसी ने दंपती से उसका मजाक उड़ाने के शक में विवाद शुरू हाे गया। विराेध करने पर पड़ाेसी साथियाें के साथ मिलकर दंपति से मारपीट करने लगा। यह देखकर पड़ाेस में रहने वाला भाई अपनी बहन और जीजा काे बचने पहुंचे। आराेपियाें ने उसके साथ भी मारपीट की और उसके सिर पर पत्थर से वार किया। घटना के करीब दो घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक रितिक गौड़ (22) अन्ना नगर में रहता था और चाय की दुकान पर काम करता था। उसके घर के पास ही उसकी बहन और जीजा विजय रहते हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे विजय और उनकी पत्नी घर के बाहर बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी सूरज को लगा कि दोनों उसका मजाक उड़ा रहे हैं। इसी बात को लेकर उसने दंपती से विवाद शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, विजय और उनकी पत्नी ने गाली-गलौज का विरोध किया तो सूरज ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडे और पत्थरों से मारपीट की। शोर सुनकर रितिक मौके पर पहुंचा और बहन-जीजा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने रितिक के साथ भी मारपीट की और उसके सिर पर पत्थर से वार किया। उस समय चोट बाहर से गंभीर नजर नहीं आ रही थी। घटना के बाद रितिक घर चला गया।

पुलिस के मुताबिक रात करीब 12 बजे रितिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस को प्रारंभिक तौर पर आंतरिक रक्तस्राव की जानकारी दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। घटना के बाद पुलिस ने सूरज, उसके भाई कबीर समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सूरज और कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद की शुरुआत और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे