home page

भोपाल में युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, ईलाज के दाैरान तोड़ा दम, परिजनों ने प्रेम प्रसंग से जुड़ा तनाव बताया

 | 
भोपाल में युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, ईलाज के दाैरान तोड़ा दम, परिजनों ने प्रेम प्रसंग से जुड़ा तनाव बताया


भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में मयूर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों के मुताबिक, युवक इंदौर की एक युवती से शादी करना चाहता था। उसका परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन युवती के परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। इसी बात को लेकर वह परेशान था। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

मृतक की पहचान अखिलेश अहिरवार (22) पुत्र राजाराम अहिरवार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सागर जिले का रहने वाला था। वर्तमान में परिवार के साथ भोपाल के शाहपुरा स्थित शैतान सिंह चौराहे के पास रहता था। अखिलेश प्लंबिंग के काम की ठेकेदारी करता था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन हैं।

अखिलेश की मौसी के मुताबिक, उसका इंदौर की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। इस रिश्ते की जानकारी अखिलेश के परिवार को भी थी और वे शादी के लिए सहमत थे, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इस वजह से अखिलेश पिछले कुछ समय से परेशान था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार देर रात अखिलेश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मयूर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे