home page

भोपाल में घूरने के विवाद में युवक पर हमला, हमीदिया अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती

 | 
भोपाल में घूरने के विवाद में युवक पर हमला, हमीदिया अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती


भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रंभा नगर में सोमवार देर रात एक मामूली विवाद में छह लोगों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से युवक के पेट और हाथ में तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज हमीदिया अस्पताल में जारी है। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय गुलफाम पुत्र मोहम्मद जुबैर रंभा नगर निवासी है और बागफरहत अफजा इलाके में लेडीज टेलर की दुकान चलाते हैं। रविवार रात वह साजिद मौलाना के घर के पास टॉन एन्ड टाउन में खड़े थे। इसी दौरान साजिद ने उन्हें घूरने को लेकर टोका, जिस पर दोनों के बीच बहस हो गई। लाेगाें की समझाइश पर मामला शांत हाे गया। लेकिन साेमवार रात के समय, जब गुलफाम घर लौट रहे थे, तभी साजिद और उनके बेटे ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान साजिद का भाई शाहजाद, उनका बेटा, और पड़ोस के साहिल बच्चा और बिलाल बच्चा भी शामिल हो गए और सभी ने मिलकर गुलफाम की बेरहमी से पिटाई की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साहिल और बिलाल ने चाकू से वार किए, जिससे गुलफाम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल ले गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गौतम नगर पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे