home page

भोपाल: नाले में मिली अज्ञात महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान, पहचान के प्रयास जारी

 | 
भोपाल: नाले में मिली अज्ञात महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान, पहचान के प्रयास जारी


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना इलाके में बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घोड़ा नक्कास क्षेत्र के एक नाले से लाश बरामद हुई है।

स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शव के ऊपर लाल रंग का कपड़ा डला हुआ था।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शव की तस्वीर आसपास के थानों के साथ-साथ इलाके के होटल और लॉज संचालकों को भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान हो सके।

रेलवे स्टेशन नजदीक होने के कारण इस क्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों का आवागमन अधिक रहता है, जिससे पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पहचान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही मौत के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे