भोपाल में किशोरी ने पेड़ पर फंदा लगाकर दी जान, घर से 200 मीटर दूर खेत में मिला शव
भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी झागरिया में शुक्रवार सुबह एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में नीम के पेड़ पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान खुशी पारदी (16) पुत्री बादल सिंह, निवासी ग्राम छोटी झागरिया के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ी थी और वर्तमान में घर पर ही रहती थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह खुशी घर से बिना बताए निकल गई थी। कुछ समय बाद गांव के पास स्थित खेत में नीम के पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने भी पुलिस को दिए बयानों में आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

