home page

भोपाल: महिला ने फंदे पर झूलकर की आत्महत्या, पति ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
भोपाल: महिला ने फंदे पर झूलकर की आत्महत्या, पति ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप


भोपाल, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में पड़ोसी रिश्तेदारों से चल रहे विवाद के बीच 28 वर्षीय नवविवाहिता ने बुधवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद पति ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों की लगातार हरकतों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सुंदर नगर निवासी सुनील कुशवाह के मुताबिक, वह बुधवार रात घर से करीब 20 मिनट के लिए सब्जी लेने गया था। लौटने पर उसने पत्नी जूली को कमरे में फंदे पर लटका पाया। उस समय दोनों मासूम बच्चे एक छह माह और दूसरा दो वर्ष का पास बैठकर रो रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

लंबे समय से चल रहा था विवाद

सुनील ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राजू कुशवाह और उनके परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष अक्सर शराब पार्टी करता था और मांस खाने के बाद हड्डियां तथा खाली शराब की बोतलें उनके घर के पास फेंक देता था। पति के अनुसार, इस कारण घर के आसपास गंदगी रहती थी और जूली लगातार मानसिक तनाव में रहती थी। कई बार समझाने और विरोध करने के बावजूद आरोपियों ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं। परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या से कुछ समय पहले भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी। इसके बाद जूली ने यह कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस अभी आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में कॉमन स्पेस विवाद की बात सामने आई

अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों परिवारों के बीच साझा परिसर (कॉमन स्पेस) के उपयोग को लेकर विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मामला नवविवाहिता से जुड़ा होने के कारण कानूनी प्रक्रिया के तहत हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे