भोपाल में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, डेढ़ लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
भोपाल, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'नशा मुक्ति अभियान 2.0' के तहत टीलाजमालपुरा पुलिस ने शनिवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.30 से 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का मानना है कि आरोपी स्मैक की डिलीवरी देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि इमामी गेट ग्राउंड के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर तस्करी की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव पुरोहित के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर वरुण दांगी (20) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी से मादक पदार्थ रखने का वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने स्मैक जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला सप्लायर का नाम
प्रारंभिक पूछताछ में वरुण दांगी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक लांबाखेड़ा निवासी अनुज उर्फ अन्नू साहू से लेकर आया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लांबाखेड़ा में दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही अनुज साहू भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे भी हिरासत में ले लिया और बाद में विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
नशे के नेटवर्क की खंगाल रही पुलिस
दोनों आरोपियों से अब यह पूछताछ की जा रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और इसे राजधानी में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और संभावित खरीदारों की भी तलाश कर रही है।
एक आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुज उर्फ अन्नू साहू के खिलाफ विदिशा जिले के कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वहीं वरुण दांगी के खिलाफ भी पूर्व में मारपीट और धमकी का मामला दर्ज है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार (आईपीएस) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित तथा सहायक पुलिस आयुक्त अनिल वाजपेयी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 'नशा मुक्ति अभियान 2.0' के तहत की गई। पुलिस ने बताया कि राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

