home page

भाेपाल में 11वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप, कार्रवाई की मांग पर थाने का घेराव

 | 
भाेपाल में 11वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप, कार्रवाई की मांग पर थाने का घेराव


भोपाल, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की छात्रा ने गुरुवार रात घर में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि दो युवक लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और एआई तकनीक से तैयार की गई अश्लील तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। शुक्रवार को परिजन और स्थानीय लोग पोस्टमॉर्टम के बाद छात्रा का शव लेकर ऐशबाग थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पवार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

“सोशल मीडिया की तस्वीरों का किया दुरुपयोग”

मृतक छात्रा अपने परिवार के साथ ऐशबाग क्षेत्र में रहती थी। उसके पिता बिट्टन मार्केट में कपड़ों की दुकान संचालित करते हैं। परिवार के अनुसार, छोला क्षेत्र के दो युवक काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे। छात्रा के चाचा ने आरोप लगाया कि युवकों ने सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लेकर एआई की मदद से आपत्तिजनक फोटो तैयार किए। इसके बाद वे उन्हें वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर छात्रा पर दबाव बना रहे थे। परिवार का कहना है कि आरोपियों ने छात्रा के पिता से भी अभद्रता की थी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई।

स्कूल आते-जाते पीछा करने का आरोप

परिजनों का दावा है कि आरोपी छात्रा का स्कूल आते-जाते पीछा करते थे और उस पर मिलने का दबाव बनाते थे। परिवार के मुताबिक, छात्रा की आरोपियों से कभी सीधी मुलाकात तक नहीं हुई थी और उसकी तस्वीरों को सोशल मीडिया से लेकर एडिट किया गया था।

छोटी बहन को बाहर भेजकर उठाया कदम

परिवार के अनुसार, गुरुवार रात छात्रा सामान्य व्यवहार कर रही थी। उसने छोटी बहन को सामान लेने के बहाने बाहर भेजा और इसी दौरान कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। छोटी बहन लौटकर आई तो छात्रा को फंदे पर लटका देख चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी

शुक्रवार दोपहर परिजन शव लेकर ऐशबाग थाने पहुंचे और घेराव कर कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि पुलिस को आरोपियों के नाम और ब्लैकमेलिंग की जानकारी पहले ही दी गई थी, लेकिन समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे