भोपाल में रिजल्ट बिगड़ने से दुखी छात्रा फंदे पर झूली, इलाज के दौरान मौत
भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के हबीबगंज इलाके में एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगा ली। परिजन उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां बुधवार तड़के उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभित पूछताछ में परिजनों ने रिजल्ट बिगड़ने से दुखी होकर सुसाइड करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शिवाजी नगर स्थित 6 नंबर स्टॉप क्षेत्र में रहने वाली छात्रा मोनिका रायकवार पुत्री रामकृष्ण रायकवार (17) ने मंगलवार रात घर पर यह कदम उठाया। घटना के समय उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका देखा, उसकी सांसे चल रही थी। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल लेकर पहुंची। जहां इलाज के दौरान मोनिका की मौत हो गई। मृतका के पिता सरकरी नौकरी करते हैं, जबकि मां प्राइवेट जॉब करती हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा हाल ही में घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे पुलिस पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल के साथ अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई यशवंत सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

