भोपालः हिन्दू संगठनों के प्रदर्शन के बीच हत्या का आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल में अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट कारोबारी की हत्या के आरोपी आसिफ उर्फ बम को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बीच यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अशोका गार्डन इलाके में मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने 35 साल के चाय कारोबारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक विजय मेवाड़ा सुभाष कॉलोनी का रहने वाला था। वह अशोका गार्डन और कोलार इलाके में चाय की दो होटल चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद कर कर्मचारियों को छोड़ने प्रगति नगर गया था। इसी दौरान मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम ने अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ उस पर हमला कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सुबह जल्दी काम होने का हवाला देकर मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विजय ने इसका विरोध किया। उसने आसिफ को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, गुस्साए आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में घोंप दिया। उसके साथियों ने भी मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विजय को कर्मचारी और स्थानीय लोग फौरन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद आरोपित आसिफ उर्फ बम फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को उसके केरवा के जंगलों में छिपे होने की जानकारी मिली। बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे जब पुलिस की संयुक्त टीम घेराबंदी करने पहुंची, तो खुद को घिरा देख आरोपित ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर पर गोली मारकर उसे दबोच लिया।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आत्मरक्षा और आरोपी को रोकने के लिए पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में उसके पैर पर गोली चलाई। आरोपित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
इधर, विजय मेवाड़ा की हत्या के मामले में बुधवार को उनके परिजन और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता आरोपियों का एनकाउंटर और मकान गिराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने जा रहे थे। सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति, बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों लोगों ने रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने लगे। वे मुख्यमंत्री निवास से महज 100 मीटर दूर पॉलिटेक्निक चौराहे तक पहुंच गए। बड़ी संख्या में जमा गए प्रदर्शनकारियों में से पुलिस ने केवल पांच लोगों को सीएम से मिलने के लिए भेजा। इस दौरान वहां हंगामा कर रहे लोगों को लाठियां चलाकर पुलिस ने खदेड़ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

