home page

भाेपाल: लिव-इन पार्टनर ने किया मासूम का अपहरण, चलती ट्रेन से पुलिस ने किया बरामद

 | 
भाेपाल: लिव-इन पार्टनर ने किया मासूम का अपहरण, चलती ट्रेन से पुलिस ने किया बरामद


भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बजरिया इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला के लिव-इन पार्टनर ने उसकी छह साल की मासूम बेटी का अपहरण कर लिया। पुलिस की तत्परता और उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, द्वारका नगर निवासी महिला अपने लिव-इन पार्टनर शंकर राजपूत के साथ पिछले डेढ़ साल से रह रही थी। महिला के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसकी एक छह साल की बेटी है। मंगलवार दोपहर आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है और बच्ची को ट्रेन से वहां ले जाने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जीआरपी उत्तर प्रदेश से संपर्क किया। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उरई रेलवे स्टेशन पर प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में दबिश दी और चलती ट्रेन से आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। बुधवार सुबह पुलिस टीम आरोपी और बच्ची को लेकर भोपाल पहुंची। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बच्ची को अपने साथ क्यों ले जा रहा था और उसके पीछे क्या मंशा थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने राहत की सांस ली है कि बच्ची सुरक्षित मिल गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे