भोपाल में ग्राहक का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने पकड़ा, बैग से 1.8 किलो गांजा बरामद
भोपाल, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम गढ़ाकला में गांजा लेकर पहुंचे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद नजीराबाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 1 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि, बुधवार 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ाकला में दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नजीराबाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा मिला। पुलिस ने आरोपियों की पहचान मंगीलाल योगी (60) पुत्र मोहनलाल योगी और उसके बेटे राजू योगी के रूप में की है। दोनों ग्राम गढ़ाकला, थाना नजीराबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए 1 किलो 800 ग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे किन लोगों को बेचने की तैयारी थी। मामले में गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

