भोपालः नौकरी दिलाने के बहाने नाबालिग को छिंदवाड़ा से बुलाया, शराब पिलाकर किया दुष्कर्म
भोपाल, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक 17 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उसे नौकरी दिलाने के बहाने छिंदवाड़ा से बुलाया और दो युवकों ने शराब पिलाकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता नाबालिग 12वीं पास करने के बाद कॉलेज में दाखिला लेना चाहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान मोनिका इंदौरिया (23) से हुई, जो छिंदवाड़ा की रहने वाली है। वह भोपाल के विद्या नगर में अपनी सहेली रेणुका (26) बुनकर के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी। दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी। मोनिका ने उसे नौकरी और एडमिशन का भरोसा देकर भोपाल बुलाया। गत 18 मार्च को पीड़िता भोपाल पहुंची, जहां मोनिका उसे अपने फ्लैट पर ले गई और रेणुका से मिलवाया।
इसके बाद कुछ देर बाद रेणुका काम पर चली गई। इसी बीच जब पीड़िता नहाने गई, तब मोनिका ने निखिल सिंह और अतुल मेड़ेकर को फ्लैट पर बुला लिया। रात में दोनों आरोपी वहां पहुंचे। आरोप है कि मोनिका इंदौरिया, निखिल सिंह और अतुल मेड़ेकर ने पीड़िता को नीट शराब पिलाई, जिससे वह बदहवास हो गई। इसके बाद रात करीब 9 बजे निखिल सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, उसे अहसास हो रहा था कि उसके साथ गलत हो रहा है, लेकिन नशे के कारण वह विरोध नहीं कर सकी। देर रात करीब 11 बजे अतुल मेड़ेकर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान रेणुका बुनकर ने कथित रूप से सहयोग किया। पीड़िता का नशा कुछ कम हुआ था, लेकिन विरोध करने पर उसे धमकाया गया और मारपीट की गई।
अगली सुबह होश आने पर पीड़िता बिना किसी को बताए फ्लैट से निकल गई और छिंदवाड़ा लौट गई। कुछ दिन बाद तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद 27 मार्च को वह मां के साथ भोपाल पहुंची और थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस समय पीड़िता थाने पहुंची, उस वक्त वहां महिला अधिकारी मौजूद नहीं थीं। बाद में गोविंदपुरा थाने से एसआई रूपा मिश्रा को बुलाया गया, जिन्होंने एफआईआर दर्ज की। पीड़िता के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए गए।
डीसीपी विवेक सिंह ने रविवार को बताया कि बंधक बनाकर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। घटना के समय पीड़िता नशे में थी, इसलिए आरोपियों की संख्या और भूमिका की डिटेल में जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

