भोपाल: लव मैरिज के दो साल बाद नवविवाहिता की मौत, बिस्तर में आग लगने से गंभीर झुलसी थी महिला, पति पर हत्या का आरोप
भोपाल, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के चार नंबर कोकता में आग की चपेट में आने से एक नवविवाहिता की मौत हो गई। गुरुवार रात गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर बिस्तर में अगरबत्ती से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतका के भाई ने उसके पति पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए घटना को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
परिजनों के अनुसार, मृतक पूजा अहिरवार(23 वर्ष) ने करीब दो साल पहले अशोक अहिरवार(23 वर्ष)से प्रेम विवाह किया था। परिवार का आरोप है कि इस विवाह से पति के परिजन खुश नहीं थे और शादी के बाद से पूजा को ताने दिए जाते थे। रवि का कहना है कि पूजा ने कई बार अपनी मां से ससुराल में परेशानी होने की बात कही थी। परिजनों के मुताबिक, पूजा करीब एक महीने की गर्भवती भी थी। पूजा के भाई रवि अहिरवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अशोक उसे परेशान करता था। उसके मुताबिक, पति शराब के नशे में बहन के साथ बदसलूकी करता था। रवि ने यह भी दावा किया कि घटनास्थल से केरोसिन मिला है। इसके बाद परिवार ने आग लगने की घटना पर संदेह जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
अगरबत्ती से आग लगने की बात, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात घर में आग लगने की सूचना मिली थी। पूजा गंभीर रूप से झुलस गई थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। घटनास्थल से मिले सामान और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
बिलखिरिया पुलिस के अनुसार, फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच रही है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

