भोपाल के होटल में तलवार-चाकू लेकर घुसे बदमाश, शेफ व कर्मचारियों से मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
भोपाल, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 10 से 15 बदमाश तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट लेकर अंदर घुस आए। आरोपियों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की, चार युवकों पर हमला किया और बीच-बचाव करने पहुंचे होटल के शेफ व कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में तैयार की गई एमएलसी में 10 से 12 लोगों के समूह द्वारा हमले का उल्लेख किया गया है। घटना शनिवार रात करीब 10:45 बजे बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित जैन ब्रदर्स होटल की है। एक अन्य युवक भी घायल हुआ, जिसका उपचार कराया गया।
बाइक की टक्कर के विवाद ने लिया हिंसक रूप
घायल लीलाधर के अनुसार वह अपने तीन साथियों के साथ मंडीदीप स्थित फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर पैदल होटल में खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़ित के मुताबिक जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के भीतर चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद 10 से 15 बदमाश हथियारों से लैस होकर होटल में पहुंच गए और हमला शुरू कर दिया।
होटल से घसीटकर बाहर ले गए, धारदार हथियार से किए वार
लीलाधर का आरोप है कि बदमाशों ने पहले होटल के अंदर मारपीट की और फिर उसे घसीटकर बाहर ले गए, जहां गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए। मेडिकल रिपोर्ट में गहरे घाव दर्ज किए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि समय रहते बचाव नहीं होता तो उसकी जान भी जा सकती थी।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे
घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में हथियार लेकर होटल में घुसते और युवकों पर हमला करते आरोपी दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल पहुंची पुलिस, जांच के बाद दर्ज होगी एफआईआर
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घायलों के बयान दर्ज करने पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। जांच और पीड़ितों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

