भोपाल: सरकारी स्कूल के प्यून ने की आत्महत्या, पत्नी को वीडियो कॉल कर दिखाया फंदा
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्यून ने अपने घर में फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार नीलबड़ स्थित नाथू बरखेड़ा निवासी भावेश पटेल (32) एक सरकारी स्कूल में प्यून के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी पिछले तीन दिनों से दोनों बच्चों के साथ इंदौर स्थित मायके गई हुई थीं। गुरुवार देर रात भावेश ने आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर फंदा दिखाया और जान देने की बात कही। बातचीत के दौरान उनकी बातों से चिंतित होकर पत्नी ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उनके घर पहुंचे। मौके पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा खोला गया तो भावेश घर के अंदर फंदे पर लटकता हुआ मिला। उसे नीचे उतारकर देखा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर रातीबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे से शराब की बोतल मिलने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच वर्षीय पुत्र और एक वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के समय दोनों बच्चे अपनी मां के साथ इंदौर में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां शुक्रवार काे पाेस्टमार्टम क बाद शव परिजनाें काे साैंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणाें का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

