home page

भोपाल में दिनदहाड़े फायरिंग, पिस्टलधारी बदमाश से भिड़ी महिला, हवाई फायर कर आरोपी फरार

 | 
भोपाल में दिनदहाड़े फायरिंग, पिस्टलधारी बदमाश से भिड़ी महिला, हवाई फायर कर आरोपी फरार


भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बेखौफ बदमाशों के हौसले एक बार फिर सामने आए, जब बाग उमराव दूल्हा इलाके में बुधवार दोपहर मामूली विवाद के बाद एक युवक ने पिस्टल लहराते हुए फायरिंग कर दी।

हालांकि इस दौरान एक महिला ने अदम्य साहस दिखाते हुए हथियारबंद बदमाश का सामना किया और उसे फायर करने से रोकने की कोशिश की। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। फरियादी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस फरियादी को तलाश रही है।

जानकारी के अनुसार, बाग उमराव दूल्हा इलाके में बुधवार दाेहपर एक व्यक्ति अपनी स्कूटी के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था, जबकि एक महिला वाहन पर बैठी थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक टर्न होता है। जिसकी बाइक पहले से खड़े व्यक्ति की स्कूटी से मामूली रूप से टच हो जाती है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही आरोपी बाइक से उतरा और कमर से पिस्टल निकाल ली। हथियार देखकर जहां लोग सहम गए, वहीं स्कूटी पर बैठी महिला ने हिम्मत दिखाई और बदमाश से भिड़ गई। महिला ने आरोपी को धक्का देकर दीवार तक पहुंचाया और लगातार उसे काबू में करने की कोशिश करती रही, ताकि वह किसी पर फायर न कर सके।

हवाई फायर कर फैलाई दहशत

कुछ देर की धक्का-मुक्की के बाद आरोपी वहां से थोड़ा दूर गया, फिर लौटकर हवा में फायर किया और इलाके में दहशत फैलाते हुए फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करोंद निवासी दिलावर खान के रूप में की है, जो पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ निशातपुरा सहित अन्य थानों में कई केस दर्ज बताए जा रहे हैं।

फरियादी की तलाश में पुलिस

ऐशबाग थाना के थाना प्रभारी संदीप पंवार के अनुसार, अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फरियादी की तलाश कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे