home page

भोपाल में डॉक्टर के साथ हुई लूट मामले का पुलिस ने किया खुलासा, महिला मित्र ने रची थी साजिश

 | 
भोपाल में डॉक्टर के साथ हुई लूट मामले का पुलिस ने किया खुलासा, महिला मित्र ने रची थी साजिश


भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी जोन श्यामला हिल्स क्षेत्र में बीती 10 अप्रैल की सुबह डॉक्टर मनोज वर्मा से हुई 11 तोले सोने के कड़े की लूट का पुलिस ने बुधवार काे सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात की मास्टरमाइंड डॉक्टर की ही महिला मित्र आलिया खान निकली, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।

पुलिस ने इस मामले में आलिया खान और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। आरोपियों के पास से करीब 17 लाख रुपये मूल्य का 11 तोला सोने का कड़ा, एक स्मार्ट वॉच और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

योगा क्लास से शुरू हुई दोस्ती

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए कहा कि डॉक्टर मनोज वर्मा और आलिया खान की मुलाकात करीब दो साल पहले बोट क्लब स्थित योगा क्लास में हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आलिया खुद को मानवाधिकार और अपराध नियंत्रण से जुड़ी संस्था से जुड़ा बताती थी और डॉक्टर के क्लीनिक भी नियमित रूप से आती-जाती थी। पुलिस का कहना है कि हाल के समय में दोनों के बीच संबंधों में तनाव आ गया था। डॉक्टर द्वारा लगातार संपर्क करने और बात करने के दबाव से परेशान होकर आलिया ने उन्हें “सबक सिखाने” की योजना बनाई।

पहले बनाई रेकी, फिर बुलाए साथी

आलिया को डॉक्टर की दिनचर्या, उनके आने-जाने का रास्ता और उनके कीमती सामान की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने 22 वर्षीय अर्शान खान के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। बाद में अर्शान ने अपने दो दोस्तों को भी इस वारदात में शामिल कर लिया।

टक्कर मारकर गिराया, मिर्च झोंकी और लूट को दिया अंजाम

10 अप्रैल की सुबह जब डॉक्टर मनोज वर्मा सीएम हाउस के पास किलोल पार्क की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उन्हें गिरा दिया गया और उनके हाथ से 11 तोले का सोने का कड़ा, नकदी और अन्य सामान लूट लिया गया। घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल डॉक्टर को अस्पताल पहुंचाया। इस हमले में डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी भी टूट गई है और वे फिलहाल हमीदिया अस्पताल में इलाजरत हैं।

“मैं सोच भी नहीं सकता था”—डॉक्टर का बयान

वारदात के खुलासे के बाद डॉक्टर मनोज वर्मा ने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनकी करीबी मित्र इस साजिश में शामिल हो सकती है। उन्होंने बताया कि आलिया का व्यवहार हमेशा सामान्य और सहयोगात्मक रहा, इसलिए इस तरह की घटना पर विश्वास करना उनके लिए मुश्किल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे