home page

भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज

 | 
भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज


भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ महिला प्रहरी ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान जेलर ने उसे जबरन वॉशरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपित जेलर को हिरासत में लिया है।

गांधी नगर थाने की एसआई प्रभावती शर्मा के मुताबिक, 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह जेल परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई। आरोप है कि जेलर ने उससे अश्लील बातें शुरू कीं और इसके बाद जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया। महिला ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

मेडिकल परीक्षण कराया, जेल परिसर पहुंची पुलिस टीम

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला प्रहरी का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस टीम ने सेंट्रल जेल पहुंचकर कथित घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। अब जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और ड्यूटी से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। घटना के समय जेल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

अगस्त 2024 से भोपाल जेल में पदस्थ हैं जेलर

मग्नू सिंह मरावी भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ होने से पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे। अगस्त 2024 से उनकी पदस्थापना भोपाल जेल में है।

2017 में भी जेल अधिकारी के खिलाफ दर्ज कराया था केस

बताया जा रहा है कि महिला प्रहरी ने वर्ष 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हालांकि, उस पुराने मामले और वर्तमान शिकायत के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मौजूदा शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। मामले में आरोपी का पक्ष और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे