home page

भोपाल में 10 करोड़ की रंगदारी मांग, लॉरेंस गैंग के नाम पर कारोबारी को धमकाया

 | 
भोपाल में 10 करोड़ की रंगदारी मांग, लॉरेंस गैंग के नाम पर कारोबारी को धमकाया


भोपाल, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कोलार रोड इलाके में एक कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए कारोबारी पर दबाव बनाने की कोशिश की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी गौरव जैन को 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “हैरी बॉक्सर” बताते हुए 10 करोड़ रुपए की मांग की और कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। आरोपी ने कारोबारी को अपने परिचितों से मिल लेने और उसके बारे में इंटरनेट पर जानकारी जुटाने की बात कहकर अप्रत्यक्ष दबाव बनाने की कोशिश की। शुरुआत में कारोबारी ने कॉल को नजरअंदाज कर दिया, लेकिन 20 मार्च की सुबह फिर एक अन्य नंबर से कॉल आया। इस बार आरोपी ने सीधे पैसे की मांग की। इंकार करने पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद लगातार व्हाट्सऐप पर ऑडियो मैसेज भेजे गए, जिनमें हमले की आशंका जताई गई। इससे भयभीत होकर उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू

कोलार रोड थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कॉल डिटेल, ऑडियो मैसेज और स्क्रीनशॉट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

इंदौर में भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला

इससे पहले इंदौर के साउथ तुकोगंज क्षेत्र में एक रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसमें खुद को लारेंस गैंग से जुड़ा बताकर 15 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। एडीशनल डीसीपी इंदाैर राजेश दंडोतिया के मुताबिक, गुरुवार को संजय को धमकी भरा कॉल आया था, जिसे उन्होंने तुरंत डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर वॉइस मैसेज आया, जिसमें मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का साथी और हेरी बॉक्सर बताया और 15 करोड़ रुपए की मांग की। वॉइस मैसेज में कहा गया कि रकम नहीं देने पर हत्या कर दी जाएगी।

लगातार बढ़ रही हैं इस तरह की घटनाएं

हाल के महीनों में इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, जहां अपराधी सोशल मीडिया, कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए खुद को बड़े गैंग से जुड़ा बताकर डराने और वसूली का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे