भोपाल में तीन दिन से लापता महिला का शव झाड़ियों में मिला, हत्या की आशंका
भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में गुरुवार दोपहर तीन दिन से लापता महिला का शव उसके घर के पास झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल के पास खून से सने पत्थर भी मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय राखी पत्नी मोनू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बीना की रहने वाली थी। करीब पांच महीने पहले वह अपने पति के साथ भोपाल के गोरेगांव में रहने आई थी। दोनों यहां किराए के मकान में रह रहे थे। राखी का पति पेंटिंग ठेकेदारी का काम करता है। पुलिस के मुताबिक राखी करीब 10 दिन पहले ही बीना स्थित मायके से भोपाल लौटी थी। 23 अगस्त को वह घर से बिना बताए चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 24 अगस्त को रातीबड़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी।
गुरुवार दोपहर गोरेगांव में घर के आसपास झाड़ियों में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान राखी के रूप में की। प्रारंभिक जांच में उसके चेहरे के एक तरफ चोट के निशान मिले। शव के पास खून से सने पत्थर मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पति और परिजनों से पूछताछ
रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। चोट के निशान और मौके से मिले खून से सने पत्थरों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी जांच की जा रही है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी भेज रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद जांच की दिशा तय होगी। पुलिस महिला के पति और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही 23 अगस्त को घर से निकलने के बाद राखी कहां गई थी, किन लोगों से मिली और किन लोगों के संपर्क में थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

